बक्सर खबर : राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरान करने पहुंचे थे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी थे। जब वे चक्की प्रखंड में पहुंचे तो उनके सामने प्रभावित लोगों ने प्रशासन की कलई खोलकर रख दी। हुआ कुछ यूं कि उनका हेलीकाप्टर चक्की इलाके में उतरा। उनके आगमन की सूचना पा बड़ी संख्या में वहां लोग पहुंचे। राज्य सरकार द्वारा दी जा रही मदद के बारे में उन्होंने ज्यादा नहीं बोला। मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के पदाधिकारी को उन्होंने जानकारी देने के लिए कहा। डीएम ने वहां अपर समाहर्ता अमानुल्ला को भेज रखा था। जैसे ही उन्होंने लंबी चौड़ी लिस्ट सूनानी प्रारंभ की। आमजन उखड़ गए। उनका गुस्सा इतना इतना भड़का कि लालू यादव के सामने ही सरकारी तंत्र की कलई खुल गयी। अपनी ही सरकार की भद्द पिटती देख लालू यादव और तजस्वी ने लोगों को शांत कराया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। यह सबकुछ चक्की फ्लावर मिल पर हुआ। जो ब्रह्मपुर विधायक शंभु यादव की संपति है। कार्यक्रम से पहले वे गंगौली धर्मशाला तक सड़क मार्ग से वस्तु स्थिति का जायजा लेने भी गए थे। दोपहर बारह बजे यहां पहुंचे और पैतालीस मिनट बाद वापस लौट गए।
