‌‌‌करंट लगने से अधेड़ की मौत, एक की हालत नाजुक

0
2446

-खेत की तरफ गए किसान दुर्घटना के हुए शिकार
बक्सर खबर। धान के बिचड़े में खाद डाल घर लौट रहे दो किसान करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। मौके पर ही सिपाही कुशवाहा (55 वर्ष) की मौत हो गई। उन्हें बचाने के प्रयास में शिव शंकर राय भी गंभीर रुप से झुलस गए हैं। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। यह दुखद वाकया राजपुर थाना के सगरा गांव के मौजा में मंगलवार को दोपहर के वक्त हुई। सूचना के अनुसार वहां एक किसान ने अपने खेतों में लगी फसल को बचाने के लिए बिजली का नंगा तार बिछाया था। जिसकी जद में वे लोग आ गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची राजपुर थाने की पुलिस ने तार लगाने वाले सगरा गांव के निवासी अजीत राय को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। ग्रामीणों ने बताया मृतक सिपाही कुशवाहा सोनपा गांव के निवासी थे। घायल शिवशंकर राय जलीलपुर के निवासी हैं। यह दोनों लोग मंगलवार को सुबह धान के बिचड़े में खाद डालने गए थे। वहां का काम निपटा दोनों लोग साथ घर के लिए चले। इसी बीच कुछ ही दूरी पर उसी गांव के अजीत राय के द्वारा खेतों में धान का बिचड़ा डाला गया था। जिसके मेड़ के चारों तरफ पशुओं से सुरक्षा के लिए धारा प्रवाहित नंगा तार दौड़ाया था।

इसी बीच करंट लगे तार के पास सिपाही कुशवाहा पैर फिसल गया, जिससे वह करंट के चपेट में आ छटपटाने लगे। यह देख शिव शंकर राय उन्हें बचाने का प्रयास किया मगर, उन्हें करंट का झटका लगा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि अभी इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। लेकिन, लोग फसल सुरक्षा के नाम पर ऐसा कृत्य करने वालों की निंदा कर रहे हैं। क्योंकि पिछले कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here