‌‌‌ जमीन कब्जा कराने पहुंचे पूर्व मंत्री छेदीलाल राम गए जेल

0
1741

-दो राइफल जब्त, चार सहयोगी भी गिरफ्तार
बक्सर खबर। राजपुर थाना के बसंतपुर गांव में जमीन के विवाद में दबंगई दिखाने पहुंचे पूर्व मंत्री छेदीलाल राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आज सोमवार को उनके साथ कुल पांच लोग जेल भेजे गए। जिसमें छेदी लाल राम ग्राम सौरी, सुरेश राम ग्राम बुढ़ाडीह, मनोज राम व संजय राम दोनों ग्राम जमौली तथा गुड्डू खान नावर सौरी शामिल हैं। यह पांचो लोग राजपुर थाना क्षेत्र के ही रहने वाली हैं। पूछने पर इसकी तस्दीक एसपी मनीष कुमार ने की। उन्होंने कहा इन सभी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दो लाइसेंसी हथियार व 57 कारतूस बरामद हुए हैं। जांच की कार्रवाई चल रही है। पुलिस द्वारा सोमवार की शाम इसको लेकर एक प्रेस नोट भी जारी किया गया। जिसमें बताया गया है कि सैथू गांव के रहने वाले विष्णु दत्त चौबे ने रविवार को सूचना दी। कुछ लोग हथियार के बल पर उनकी जमीन का कब्जा जमाना चाहते हैं। सूचना मिलने के बाद वहां पुलिस पहुंची तो कुछ लोग हथियार के साथ मौजूद थे। पुलिस टीम को देख वे लोग स्कार्पियो में सवार हो भाग निकले। पुलिस उनके पीछे सौरी गांव तक पहुंची। वहां स्कार्पियो से एक राइफल, एक खोखा, तथा घर से एक राइफल व कुल 57 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

हालांकि प्राथमिकी आठ लोगों के विरूद्ध दर्ज है। अन्य की तलाश जारी है। छेदीलाल राम पूर्व में राजपुर विधानसभा से ही बसपा के विधायक रहे हैं। आगे चलकर वे राजद की सरकार में शामिल हो गए और तब ग्रामीण विकास मंत्री बने थे। फिलहाल वे राजद के ही सदस्य हैं। हालांकि छेदी ने मीडिया के पूछने पर कहा मैं कोचस से आ रहा था। वहां के एक पूर्व मुखिया ने बुलाया था। पुलिस भी इस दौरान वहां आई। लेकिन, मुझे पता ही नहीं चला। वे लोग हमें खदेड़ रहे हैं। राइफल के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा वह हमारे लाइसेंसी हथियार हैं। जो अपनी सुरक्षा के लिए हम लेकर चलते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here