बक्सर किला के मैदान में होगा शाहाबाद महोत्सव

0
871

-सदर विधायक की अध्यक्षता में हुई बैठक, 21 को अगला जुटान
बक्सर खबर। शहाबाद महोत्सव को लेकर बक्सर जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में बुधवार को स्थानीय विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया ऐतिहासिक शाहाबाद महोत्सव इस बार बक्सर में होगा। महोत्सव के लिए बक्सर स्थित किला मैदान का प्रस्ताव लाया गया। जिस पर सभी लोगों ने अपनी सहमति जताई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शाहाबाद महोत्सव का आयोजन बक्सर की धरती पर किया जाना हम बक्सर जिला वासियों के लिए गौरव की बात है। महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाना हम सब का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि शाहाबाद महोत्सव का उद्देश्य शाहाबाद के पौराणिक, ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को सजाना सवारना है। इसके माध्यम से आने वाली पीढ़ी को अपने पुरखों की विरासत के प्रति जागरूक करना है। विधायक ने कहा कि शाहाबाद महोत्सव की सोच को जिला से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक पहुंच कर एक सशक्त कमेटी का गठन किया जाए। ताकि महोत्सव को भव्य स्वरुप दिया जा सके। शाहाबाद महोत्सव की तैयारी को लेकर आगामी बैठक 21 सितंबर को बक्सर स्थित गोयल भवन में आहूत की गई है। जिसमें बक्सर सहित शाहाबाद के सभी जिलों  लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।

मौके पर बैठक का संचालन कर रहे शाहाबाद महोत्सव के संयोजक अखिलेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2019 में शाहाबाद महोत्सव की शुरुआत रोहतास जिले के बिक्रमगंज से की गई थी। उसके बाद कैमूर पहाड़ी स्थित रोहतासगढ़ किला, भोजपुरी के जगदीशपुर तथा कैमूर के मुंडेश्वरी धाम में महोत्सव का सफल आयोजन कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार बक्सर में भी शाहाबाद महोत्सव समारोह का आयोजन ऐतिहासिक होगा। बैठक में संजय सिंह राजनेता, जिला परिषद के पूर्व सदस्य जितेन्द्र सिंह उर्फ केतवारु सिंह, रेडक्रास के अध्यक्ष सुरेश जायसवाल, डॉ अनिल जी, संजय पासवान, पूर्व मुखिया सुनिल सिंह, सुबाष तिवारी, ध्रुव वर्मा, रोहित राठौड़, गुड्डू राय, स्यंदन सुमन आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here