बक्सर खबर। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार त्रिवेदी का 69 वर्ष की आयु में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संवेदना संदेश में कहा, “स्वर्गीय अनिल कुमार त्रिवेदी के निधन से मैं मर्माहत हूं। उन्होंने आजीवन कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा को मजबूत करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका निधन न केवल बक्सर बल्कि समूची बिहार कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है।”
मूल रूप से बक्सर जिले के निहालपुर निवासी अनिल कुमार त्रिवेदी ने कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई थी। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि “कांग्रेस परिवार हर परिस्थिति में उनके परिजनों के साथ खड़ा है।” कांग्रेस परिवार में शोक की लहर- अनिल कुमार त्रिवेदी का राजनीतिक सफर काफी समृद्ध रहा है। वे 2010 के विधानसभा चुनाव में बक्सर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी थे। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके पिता पंडित जगनारायण त्रिवेदी बक्सर क्षेत्र से सबसे अधिक बार विधायक निर्वाचित हुए थे और बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। वहीं, उनके दादा पंडित लक्ष्मीकांत त्रिवेदी बक्सर के प्रथम विधायक थे। वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक – अनिल कुमार त्रिवेदी के निधन पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह के अलावा डॉ शकील अहमद खान, डॉ मदन मोहन झा, राजेश राठौड़, सदर विधायक संजय कुमार तिवारी, राजपुर विधायक विश्वनाथ राम, प्रदेश प्रवक्ता डॉ स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, इन सभी नेताओं ने अनिल त्रिवेदी के निधन को कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय के चीनी मिल मुहल्ला स्थित कांग्रेस कैम्प कार्यालय में एक शोक सभा आयोजित की गई। सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएन चौबे ने कहा कि अनिल त्रिवेदी का निधन कांग्रेस पार्टी और बक्सर के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि त्रिवेदी न केवल समर्पित वरिष्ठ नेता थे, बल्कि उनका पूरा परिवार कांग्रेस पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। उनके निधन से जिले के सभी लोग मर्माहत हैं। शोक सभा में राहुल चौबे, राकेश तिवारी, वेंकटेश चौबे, अधिवक्ता अजय दूबे, रवि पाण्डेय, सुशील पाठक, अशोक पाण्डेय, जगलाल राम, श्रीनिवास राम, मिथलेश सिंह, मो. समसुद्दीन, मो. सरफुद्दीन, असफाक सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।