– मां के साथ दो बच्चे कर रहे थे सफर, डुमरांव-बिक्रमगंज पथ की घटना
बक्सर खबर। बस की चपेट में आने से दो वर्ष के मासूम की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार अपराह्न चार से पांच बजे के मध्य की है। दुर्घटना से आहत लोगों आक्रोशित हो उठे हैं। उन लोगों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग का परिचालन ठप कर दिया है। इस वजह से मुकुंदडेरा गांव के समीप भारी जाम लगा हुआ है। दुर्घटना इसी गांव के समक्ष हुई है। मृत बालक अभिमन्यु (दो वर्ष) इस गांव के निवासी सुनील कुमार राय का पुत्र था।
सूचना के अनुसार उनकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके चौसा गई थी। वहां से दोपहर के वक्त अपनी ससुराल मुकुंद डेरा लौटी। जैसे ही बस से उतरी, दो वर्ष का छोटा बच्चा चक्के समीप चला गया। और बस आगे बढ़ी तो अनहोनी हो गई। उन सभी को छोड़ने उनका मामा भी आ रहा था। लेकिन, वह कोरानसराय के समीप उतर गया। और वहां जाकर ऐसी अनहोनी हो गई। फिलहाल आक्रोशित लोगों ने अपराह्न छह बजे तक मुख्य मार्ग पर जाम कर रखा था। घटनास्थल बासुदेवा थाना की सीमा में आता है। वहां की थानाध्यक्ष मधुबाला भारती ने बताया कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही जाम समाप्त करा लिया जाएगा।