बक्सर में भव्य आयोजनों की तैयारी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से बिहार दिवस तक महोत्सवों की धूम

0
216

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर दिवाली की तरह घरों को सजाने की अपील                                    बक्सर खबर। जिले में आगामी महीनों में कई महत्वपूर्ण महोत्सवों और कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्राप्त सुझावों एवं विचार-विमर्श के बाद महोत्सवों की तिथियां निर्धारित की गई। 08 मार्च को नगर भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध महिलाएं व्याख्यान देंगी। साथ ही, जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

17 मार्च को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे: प्रभात फेरी: सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता के साथ जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। मैराथन दौड़ एवं साइकिल रैली: शहर में स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत मैराथन दौड़ और साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। रक्तदान शिविर: समाहरणालय के नए सभागार में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इतिहास और धरोहर पर विशेष आयोजन: जिले का एक बड़ा मानचित्र तैयार कर जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा। 22 मार्च 2025 को बिहार दिवस को भव्य रूप से मनाने के लिए विशेष कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं: गंगा आरती: संध्या समय रामरेखा घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन होगा। खेल प्रतियोगिताएं: किला मैदान में कबड्डी, कुश्ती, रस्सा-कस्सी, महिला पहलवानी और महिला कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या: नगर भवन में संगीत, नृत्य, गजल, भोजपुरी गायन और लोक नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में शामिल अधिकारी व गणमान्य लोग।

17 मार्च से 22 मार्च तक सभी सरकारी भवनों को नीली रोशनी से सजाया जाएगा। नगर परिषद एवं नगर पंचायत द्वारा मुख्य चौक-चौराहों एवं पार्कों की साफ-सफाई और सजावट की जाएगी। कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्स, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों का उपयोग किया जाएगा। ब्रह्मपुर महोत्सव 10 मार्च को बीएन उच्च विद्यालय, ब्रह्मपुर में होगा। विश्वामित्र महोत्सव 17 मार्च को किला मैदान में आयोजित होगा। उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव 21 मार्च को राज उच्च विद्यालय, डुमरांव में मनाया जाएगा। इन महोत्सवों में लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, लोक संगीत और गजल से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर फर्स्ट एड, एंबुलेंस और चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी स्थलों पर फायर टेंडर और अग्नि सुरक्षा दलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर एवं डुमरांव को विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्थापना दिवस केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि पूरे जिले का पर्व है। सभी नागरिकों से अपने घरों की साफ-सफाई करने और दीपावली की तरह घरों को सजाने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here