ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में होगा निर्माण,मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मिली प्रशासनिक स्वीकृति बक्सर खबर। जिले के धनसोई बाजार में बढ़ती यातायात समस्या को ध्यान में रखते हुए 2 लेन धनसोई बाईपास पथ का निर्माण ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में किया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने गुरुवार को प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर चर्चा की।मुख्यमंत्री द्वारा 15 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान 4.5 किलोमीटर लंबे धनसोई बाईपास के निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके बाद मंत्रिपरिषद द्वारा रिकॉर्ड समय में 25 फरवरी को इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
98.24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बाईपास पथ की कुल लंबाई 4.5 किलोमीटर होगी। इसकी कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी, जिसमें 7 मीटर कैरिज वे और 2.5-2.5 मीटर के शोल्डर शामिल होंगे। वर्तमान में धनसोई बाजार का मुख्य मार्ग 4 से 5.5 मीटर चौड़ा होने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से बक्सर से धनसोई, सिसौंदा और रोहतास जिले की ओर जाने वाले यात्रियों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही धनसोई बाजार को जाम से निजात मिलेगी और व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे। बाईपास के निर्माण से बक्सर और रोहतास जिले के बीच आर्थिक, व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी। कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल के अनुसार, बाईपास का एलाइनमेंट धनसोई बाजार से 1 किमी पहले शुरू होकर सिसौंदा से 100 मीटर आगे तक जाएगा।