-प्रेम प्रसंग हो सकता है वारदात का कारण, मौके पर पहुंचे परिजन
बक्सर खबर। खेत में सिर कटा शव मिलने सूचना बुधवार की सुबह बगेन थाने को मिली। पुलिस भागी-भागी मौके पर पहुंची। क्योंकि सिर नहीं होने का मतलब था, यह हत्या है। शव देवराढ़ गांव के समीप खेतों में पड़ा था। शव नंगा था, जिसे देखकर अनुमान लगाया जा रहा था। यह किसी आपत्ति जनक घटना का परिणाम हो सकता है। लेकिन, मौके से कोई ऐसा सुराग नहीं मिल रहा था। जिससे यह ज्ञात हो सके कि यह कौन है।
पुलिस ने लाश की तस्वीर आस-पास के थानों को भेजी। मौके पर बड़े अधिकारी भी गए। घंटो मशक्कत के बाद पता चला मृतक का नाम उमेश चौधरी (30) था। वह भोजपुर जिला के ग्राम कुनई, थाना धनगाई का निवासी था। वहां की पुलिस के पास एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना थी। तुरंत ही उसके परिजनों को सूचना दी गई। क्योंकि जब तक वे पहचान नहीं करते। कुछ कहना, संभव नहीं था। वे मौके पर आए तो उसके शरीर और हाथ में बांधे रक्षा सूत्र को देखकर उसकी पहचान की।
घटना के संबंध में पूछने पर बगेन के थानाध्यक्ष ने बताया उमेश ईट भट्ठा पर काम करता था। वहीं से कहीं चला गया था। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच उनको सूचना मिली तो वे यहां आए और मृत शरीर को देखकर पहचान पुख्ता की। थानाध्यक्ष ने कहा देखने से यह स्पष्ट होता है। इसकी हत्या कहीं और हुई है। साक्ष्य मिटाने की गरज से शव को दूर ग्रामीण इलाके में लाकर फेंका गया हो। अभी जांच चल रही है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा।