श्रीमद्भागवत कथा की तैयारियां तेज, 9 अप्रैल से आईटीआई मैदान में होगा आयोजन

0
312

-8 अप्रैल को पधारेंगे पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी                                         बक्सर खबर। धर्म और आस्था की पावन धारा में डुबकी लगाने के लिए बक्सरवासियों के लिए एक अद्भुत अवसर आने वाला है। पहली बार, विश्वप्रसिद्ध कथा वाचक पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज बक्सर में पधारने जा रहे हैं। 9 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्थानीय आईटीआई मैदान में श्रीमद्भागवत कथा एवं सनातन धर्म पर दिव्य प्रवचन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

पूज्य महाराज जी के छोटे भाई विजय शर्मा ने गुरुवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता विजय मिश्रा के सार्थक प्रयासों से यह भव्य आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कथा श्रवण के लिए लाखों श्रद्धालु, यहां तक कि सैकड़ों किलोमीटर दूर से भी भक्तगण आएंगे। उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु पूज्य महाराज जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। देवकीनंदन ठाकुर जी 8 अप्रैल को बक्सर पहुंचेंगे, और अगले दिन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान करेंगे।

आईटीआई मैदान का निरीक्षण करते विजय शर्मा,विजय मिश्रा व अन्य।

कार्यक्रम के संयोजक विजय मिश्रा ने बताया कि मैदान की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय निर्माण सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अलावा, देशभर से कई प्रतिष्ठित संतों के आगमन की भी संभावना है, जिनके ठहरने और यात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। चेयरमैन प्रतिनिधि निमतुल्लाह फरीदी ने कहा कि यह आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चलंत शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्थल निरीक्षण के दौरान समाजसेवी कल्लू राय, वार्ड पार्षद दीपक सिंह, इमरान फरीदी सोनू, नीशू राय समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here