किसानों में असीम संभावनाएं: उप मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला

0
110

‘किसान कल्याण संवाद’ में किसानों ने रखी अपनी बात, नवाचार करने वाले युवाओं को मिला सम्मान         बक्सर खबर। किसानों के हित में एक नई पहल करते हुए मंगलवार को उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्थानीय डीआरसीसी भवन में ‘किसान कल्याण संवाद’ और ‘कृषक युवा कल्याण सम्मान समारोह’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मकसद था, किसानों की समस्याएं जानना, योजनाओं की जानकारी देना और उनकी भागीदारी बढ़ाना। संवाद कार्यक्रम में एक-एक कर किसानों ने अपनी बातें रखीं और खेती से जुड़े अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री ने सभी को ध्यान से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि “बक्सर के किसानों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं, जिसे आगे बढ़ाया जाएगा।” इस मौके पर जिले के उन युवा किसानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने जैविक खेती, बागवानी, फूलों की खेती या तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे युवा पूरे राज्य के लिए रोल मॉडल हैं।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में आधुनिक तकनीक से खेती को आगे बढ़ाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। कृषि यांत्रिकरण, सिंचाई व्यवस्था, पीएम किसान सम्मान निधि जैसे कई योजनाओं की प्रगति से भी उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

डीआरसीसी भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल किसान

इसके बाद समाहरणालय सभा कक्ष में कृषि, खान एवं भू-तत्व विभाग की प्रगति की समीक्षा हुई। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन किसानों के हित में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने उप मुख्यमंत्री का बक्सर आने और समय देने के लिए आभार भी प्रकट किया। इस मौके पर कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, विशेष सचिव डॉ बीरेंद्र कुमार यादव, कृषि निदेशक नितिन कुमार सिंह, बामेती निदेशक धनंजयपति त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त डॉ महेंद्र पाल, जिला कृषि पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी और टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here