पति समेत छह पर एफआईआर, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी बक्सर खबर। सिमरी थाना क्षेत्र के खड़हाटांड़ गांव की रहने वाली नवविवाहिता सोनाली की शादी के महज चार महीने बाद लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष में मातम छा गया है। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतका की पहचान वीरेंद्र ओझा की पुत्री सोनाली के रूप में हुई है। उसकी शादी 26 फरवरी को भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के पिंजरौली गांव निवासी कमलाकांत मिश्र से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, सास-ससुर, ननद, भसुर और भाभी दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर सोनाली को प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।
मृतका के भाई अभिषेक ओझा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि शादी में 15 लाख रुपये नकद, करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग ढाई लाख रुपये का फर्नीचर दिया गया था। इसके बावजूद अतिरिक्त दहेज की मांग जारी रही। परिजनों ने बताया कि 28 जून को सोनाली अपने पति के पास लखनऊ गई थी। चार जुलाई की दोपहर पति ने फोन कर उसके आत्महत्या करने की सूचना दी। हालांकि मायके वालों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।उन्होंने आरोप लगाया कि सोनाली के गले के अलावा हाथ और पैरों पर भी रस्सी से बांधे जाने के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। घटना के बाद लखनऊ के इंदिरा नगर थाना में पति कमलाकांत मिश्र समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बताया जाता है कि मृतका का पति आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत है और इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के मानस एनक्लेव में रहता है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।
































































































