-लोगों ने वाहन चालक को पीटा, ग्रामीणों में आक्रोश
बक्सर खबर। सरेंजा इटाढ़ी मार्ग पर बालू लदे ट्रक ने बालक को टक्कर मार दी। महज 12 वर्ष के अभिषेक को बचाया नहीं जा सका। दुर्घटना कुकुढ़ा गांव के विद्यालय के समीप शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे के आस-पास हुई। स्थानीय लोगों ने भागते ट्रक चालक को पकड़ लिया। और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस को पता चला तो वह मौके पर पहुंची। उसे बीच-बचाव कर चालक को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। मृत बालक अभिषेक कुकुढ़ा गांव के ही अजय कुमार का पुत्र था। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार वह सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान तेज गति से जा रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ग्रामीण इस घटना के बाद से आक्रोशित हैं। थाने पहुंचकर भी उन लोगों ने हंगामा किया। लोग इस बात से नाराज हैं कि ग्रामीण पथ होने के बावजूद इस मार्ग से बालू लदे ट्रकों की आवाजाही हो रही है। प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा रहा। ट्रक का चालक जो घायल है। फिलहाल उसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पूछने पर इटाढ़ी के थानाध्यक्ष सोनू कुमार बताया पुलिस ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया है। मृत बालक का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं ग्रामीण सूत्रों ने बताया इस घटना में पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी है। दोपहर बाद तक आक्रोशित लोग थाने जाकर हंगामा करते नजर आए।