राजपुर प्रखंड में कई अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित,वरीय प्रभारी को सौंपा अनुश्रवण का जिम्मा बक्सर खबर। जिले के राजपुर प्रखंड में सोमवार सुबह 11:00 बजे एडीएम कुमारी अनुपम सिंह ने औचक निरीक्षण किया, जिससे सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली की पोल खुल गई। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रभारी पदाधिकारी विशेष सर्वे शिविर, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एवं प्रखंड समन्वयक सहित कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के बाद अपर समाहर्ता ने अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी। साथ ही, सभी को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के बारे में आम नागरिकों को कोई जानकारी नहीं दी गई थी। पहले भी निर्देश दिए गए थे कि यदि कोई अधिकारी अन्य कार्य में प्रतिनियुक्ति पर हो तो इसकी जानकारी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। लेकिन इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा था। इन खामियों के कारण आम नागरिकों को अपनी शिकायतें लेकर जिलास्तरीय जनता दरबार तक जाना पड़ता है, जो प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए वरीय प्रभारी पदाधिकारी, प्रखंड राजपुर को पूरे मामले का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।