बक्सर में हैवान बनीं सौतेली मां, मासूम की हत्या कर शव जलाया, बोरे में भरकर बक्से में छिपाया

0
7078

आरोपी सौतेली मां को पुलिस ने लिया हिरासत में, पूछताछ जारी                                                          बक्सर खबर। नया भोजपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेली मां ने अपनी आठ वर्षीय मासूम बेटी आंचल कुमारी की हत्या कर शव जलाने के बाद उसे बक्से में छिपा दिया। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों और पड़ोसियों को जब बच्ची के गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। संदेह होने पर जब आरोपी सौतेली मां सीमा देवी के घर की तलाशी ली गई, तो एक बक्से में बोरी के अंदर जला हुआ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित थाने की पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार वार्ड आठ के नया भोजपुर पूरब टोला में पप्पू गोंड की आठ वर्षीय बेटी आंचल कुमारी अचानक घर से लापता हो गई थी। हालांकि, परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। जब आंचल नहीं मिली, तो घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी। पप्पू गोंड अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली में नौकरी करता है। उसकी शादी सीमा देवी से 2024 में हुई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, आंचल की दादी गुंगी हैं, इसलिए वह स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही थीं। शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद से ही आंचल के गायब होने की खबर फैली थी। परिजनों और ग्रामीणों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब आंचल नहीं मिली, तो शक सौतेली मां पर गया। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर के एक अंधेरे कमरे में बंद एक बक्सा खोला गया। उसमें एक पीले रंग की सीमेंट की बोरी रखी थी। जब बोरी का मुंह खोला गया, तो लोगों के होश उड़ गए, उसमें आंचल का जला हुआ चेहरा और उसका शव था। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, और आरोपी सौतेली मां पर संदेह गहराता जा रहा है। ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here