बक्सर खबर : शहर के बीच बसे एमपी हाई स्कूल की वह दीवार जहां दो दिन पहले तक गंदगी का अंबार लगा रहता था,गुरुवार को एकदम चकाचक हो गया। पहले यहां आसपास के लोग कूड़ा फेंकते थे। इस पर नजर पड़ी बक्सर के प्रशासन की। डीएम अरविंद कुमार ने आदेश दिया इस जगह को साफ करें। योजना बनी बिहार दिवस के दिन यहां पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। साहब का आदेश हुआ तो प्रशासन जुट गया काम में। और बदल गया यहां का नजारा।
21 मार्च को यह जगह पूरी तरह साफ हो गई। कचरा भी हटा और अतिक्रमण भी। यहां की दीवार 22 मार्च को सजधज कर तैयार थी। उसे सफेद रंग से कैनवास की तरह रंगा गया। किला मैदान के समारोह के बाद डीएम अरविंद कुमार वर्मा, डीडीसी अरविंद कुमार, एसपी राकेश कुमार सभी यहां पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार अधिकारी से लेकर स्कूली बच्चे तक वहां जमा हुए। सबने वहां चित्र बनाए और स्वच्छता के संदेश भी लिखे। एसडीओ गौतम कुमार, सदर डीएसपी शैशव यादव सभी ने अपने संदेश लिखे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वहां का नजारा बदला-बदला दिख रहा था।

जहां कल तक गंदगी और बदबू का गुब्बार उठता था। वहां की फिजा बदल चुकी थी। पूरी दीवार हरियाली और स्वच्छता का संदेश दे रही थी। लेकिन यह बात यहीं समाप्त नहीं हो जाती। शहर किसी और का नहीं बक्सर के लोगों का है। यहीं गंदगी भी फैलाते हैं और अतिक्रमण भी करते हैं। जब प्रशासन उसे साफ करता है तो कहते हैं बस दो दिन का दिखावा है। लेकिन क्या स्वच्छता की मशाल जलाना सिर्फ प्रशासन का काम है? यह सवाल हम सभी के लिए है …
