लोजपा (रामविलास) की बूथ स्तरीय नव संकल्प संवाद व सम्मान समीक्षा बैठक संपन्न बक्सर खबर। जिला मुख्यालय में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा बूथ स्तरीय नव संकल्प संवाद व सम्मान समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रत्याशी अखिलेश कुमार सिंह ने की। बैठक के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने आए हुए मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र, बड़ा फूल-माला, टोपी व तलवार से सम्मानित किया।
लोजपा (रामविलास) बिहार-झारखंड के संगठन सह चुनाव प्रभारी एवं जमुई लोकसभा सांसद अरुण भारती, संगठन व चुनाव के सह प्रभारी एवं खगड़िया लोकसभा सांसद राजेश वर्मा शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार मुन्ना, प्रदेश प्रवक्ता सह सह संगठन प्रभारी कुमार सौरभ सिंह उपस्थित रहे। बैठक में जिला संगठन की जिला, प्रखंड, नगर, पंचायत और बूथ स्तर की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा, “लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का विजन ‘बिहार फर्स्ट – बिहारी फर्स्ट’ को गांव-गांव तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। बक्सर जिले का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी लगातार सशक्त हो रही है।” खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने बैठक में कहा, जिला में लोजपा (रामविलास) का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। एनडीए गठबंधन के अंतर्गत लोजपा (रामविलास) निश्चित रूप से जिले की विधानसभा सीट लड़ेगी। पार्टी में वर्षों से समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।” इस अवसर पर लोजपा (रामविलास) के जिला प्रभारी ललन पासवान, जिला सह प्रभारी विजय सिंह यादव, प्रदेश सचिव संजय कुमार पासवान, एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।