-कल भी प्रदर्शन की तैयारी, डुमरांव में राजद का आक्रोश मार्च
बक्सर खबर। ईटाढ़ी में हत्या के बाद युवती का शव जलाने की घटना ने लोगों में गुस्सा भर दिया है। आज बुधवार को जगह-जगह प्रदर्शन हुआ। एक दिन पहले भी पुतले जलाए गए थे। आज बुधवार को भी शहर में तीन जगह प्रदर्शन देखने को मिला। महिला सेवा संस्थान ने शहर में प्रदर्शन निकाला और माडल थाना के समझ एकत्र हो नारे बाजी की। वहीं दूसरी तरफ अंबेडकर चौक के पास युवा राजद ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। जिसका नेतृत्व युवा राजद के अध्यक्ष बबलू यादव ने किया।

वहीं अंत्योदय सेवा संस्थान से जुड़े युवाओं ने भी शहर में आक्रोश मार्च निकाला। संस्थान के गिट्टू तिवारी ने बताया हमारा विरोध आगे भी जारी रहेगा। तीनों संगठन युवती की पहचान किए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। राजद का प्रदर्शन थोड़ा उग्र था। उन लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। और पूरे बिहार में दुष्कर्म की घटना पर चिंता जताई। वहीं महिला संगठन ने दोषियों को सड़क पर फांसी देने की वकालत की। सूत्रों की माने तों डुमरांव में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने दीपक यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर प्रदर्शन का दौर चला। यह प्रदर्शनकारी गुरुवार को बक्सर बंद की अपील भी कर रहे थे। वहीं डुमरांव के राजद नेता सोहराब कुरैशी ने बताया कि गुरुवार को डुमरांव में उनकी पार्टी आक्रोश मार्च निकालेगी। जिसमें मुख्य अतिथि होंगे। सेना से बर्खाश्त किए गए तेजबहादुर यादव। कुल मिलाकर कल भी जिले में गहमा-गहमी बनी रहेगी। पाठकों को ज्ञात ही होगा। मंगलवार की सुबह ईटाढ़ी थाना के कुकुढ़ा गांव के पास बधार से युवती का शव बरामद किया गया था। जिसकी हत्या गोली मारकर की गई थी। शव को जलाने का भी प्रयास किया गया था। वहीं दूसरी तरफ उसके साथ दुष्कर्म की संभावना को लेकर बाजार में आई खबरों ने इस मामले को सनसनीखेज बना दिया। वैसे इसका एक अच्छा पहलू सामने आया है। मामले ने तुल पकड़ लिया है तो प्रशासन ने उसकी जांच में दिनरात एक कर दिया है।