बक्सर खबर। इसे काम का बोझ कहें या जिम्मेवारी का एहसास। राज्य का पुलिस महानिदेशक बनने के बाद शुक्रवार को डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय बक्सर आए। आते समय भी उनका भव्य स्वागत हुआ। जाते समय भी उसी जोरदार तरीके से स्वागत हुआ। इस क्रम में वे अपने गांव इटाढ़ी प्रखंड के गेरुआबांध भी गए। स्वजनों एवं गांव के लोगों से मिले। सबको गले लगाया और बुजुर्गों से आर्शीवाद भी प्राप्त किया। लेकिन, चाहकर भी वे अपनों के साथ चैन की एक रात नहीं गुजार पाए। यहां से वापस लौट गए। राजधानी लौटने से पूर्व शहर के होटल वैष्णवी क्लार्क में थोड़ी देर के लिए रुके। वहां उनका आगमन पूर्व से तय था।

होटल के मालिक व शहर के प्रमुख रीयल स्टेट व्यवसायी प्रदीप राय ने उनका अभिनंदन किया। माता वैष्णव देवी के तैल चित्र पर उन्होंने पुष्प अर्पित किया और मंत्रों के बीच आरती की। पहले से ही वहां बहुत से लोग जमा थे। सबको आस्वस्त करते हुए उन्होंने कहा मुझे बक्सर की चिंता है। आप लोग परेशान न हो। मेरा ध्यान सदा इधर रहेगा। यह बात कहने की नहीं है। आप स्वयं भी महसूस कर सकते हैं। प्रशासन अपनी तरफ से हर संभव कोशिश करेगा। इस मौके पर प्रदीप राय के साथ नंद कुमार तिवारी, अमित मिश्रा, बनारसी समेत बहुत से लोग उपस्थित रहे। सबसे मिलने के बाद वे रात में ही सड़क मार्ग से राजधानी के लिए निकल गए।