जिला प्रशासन ने किया भव्य स्वागत, खिलाड़ियों में दिखा जोश बक्सर खबर। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा मंगलवार को बक्सर पहुंची। समाहरणालय परिसर में राज्य स्तरीय टीम की मौजूदगी में एडीएम कुमारी अनुपम सिंह ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। अपर समाहर्ता ने मशाल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 से 15 मई तक बिहार में किया जाएगा। पहली बार बिहार को यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जिससे राज्य के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। पटना, गया, भागलपुर, राजगीर और बेगूसराय में विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसका उद्देश्य है खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर मंच देना।
14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के संवाद भवन से मशाल यात्रा को रवाना किया था। यह यात्रा 15 अप्रैल से 2 मई तक बिहार के हर जिले में घूमेगी और 2 मई को पटना लौटेगी। अपर समाहर्ता कुमारी अनुपम सिंह ने कहा कि यह आयोजन बिहार के लिए गौरव की बात है। इससे राज्य में खेल-संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलेगा। सरकार की ओर से खेल से जुड़ी योजनाएं जैसे “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस कार्यक्रम में फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, जूडो, वॉलीबॉल, स्वीमिंग समेत कई खेलों को शामिल किया गया है। जिला स्तर के अधिकारी, शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी व अन्य गणमान्य इस मौके पर मौजूद रहे।