-किराए के मकान में रहता था स्वर्ण आभूषण का कारीगर
बक्सर खबर। शहर के सिंडिकेट से सटे बाबा नगर में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में शनिवार को मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आदित्य वर्मा पिता गुरु चरण वर्मा के रूप में हुई है। वह गाजीपुर जिला के थाना करंडा, ग्राम मैनपुर का निवासी था। बाबा नगर स्थित गंगासागर सिंह के घर में किराए पर रहता था। शनिवार को जब आस-पास के लोगों को कमरे से उठ रही बदबू का एहसास हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। यह इलाका मुफस्सिल थाना की सीमा में आता है। पुलिस टीम वहां पहुंची, बंद घर को खोला गया तो उसका शव औधे मुंह जमीन पर पड़ा हुआ था।
आस-पास काफी खून पसरा था। गले में बिजली के तार का फंदा लगा हुआ था। शव दो दिन पुराना होने के कारण फूल रहा था। पुलिस यह तय नहीं कर पा रही थी। यह हत्या है या आत्महत्या। सूचना मिलते ही मौके पर डीएसपी व एसपी शुभम आर्य भी पहुंचे। पूछताछ में पता चला आदित्य वर्मा कुछ माह से बक्सर में रहकर स्वर्ण आभूषण का काम सीख रहा था। पुलिस ने पहचान होने के बाद घर वालों से संपर्क साधा। उन्होंने ने बताया पिछले दो दिन से उसका संपर्क परिवार से टूटा हुआ था। शायद अनहोनी के कारण उससे बात नहीं हो रही थी। गले में लगे बिजली के तार का फंदा देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा था। वजन के कारण तार टूट गया होगा। और वह औंधे मुंह नीचे आ गिरा होगा।