-डीएम ने शुरू किया अभियान विश्वामित्र
-ऑनलाइन क्लास की होगी व्यवस्था, एपी हाई स्कूल में शुरूआत
बक्सर खबर। छात्रों को बेहतर शिक्षा मिले। इसके लिए जिलाधिकारी अमन समीर ने रविवार को विशेष अभियान की शुरूआत की। जिसे अभियान विश्वामित्र का नाम दिया गया है। एमपी हाई स्कूल में एक वर्ग कक्ष को इसके लिए विशेष रुप से तैयार किया गया है। जिसमें डिजीटल तकनीक से बच्चों को पढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए यहां डिजीटल बोर्ड लगाया गया है। इसका मकसद यह है कि वैसे लोग जो खाली समय में बच्चों को पढ़ाना चाहें। वे वर्चुअल माध्यम से क्लास ले सकें।
बगैर यहां आए बेहतर जानकारी रखने वाले लोग, देश अथवा विदेश कहीं से भी बच्चों को पढ़ा सकते हैं। यह बातें अपने संबोधन में जिलाधिकारी अमन समीर ने कहीं। पूछने पर हमें यह ज्ञात हुआ। यह सरकारी प्रयास नहीं। अच्छी सोच का परिणाम है। ऐसा नहीं कि इसके लिए सरकारी स्तर से धन की व्यवस्था हुई है। यह तो एक सार्थक पहल का प्रयास है। डीएम ने अपने संबोधन में कहा फिलहाल यह कक्षा नौवीं व दसवीं के लिए शुरू हुई है। लेकिन, इसे बारहवीं तक विस्तारित किया जाएगा।

अभियान को गांव-गांव तक ले जाने के लिए उन्होंने युवाओं एवं शिक्षकों से आग्रह किया। ऐसा नहीं कि शिक्षा सिर्फ इसी स्कूल में दी जा सकती है। आप चाहें तो अपने आस-पास के मुहल्ले में भी ऐसा कर सकते हैं। वहां एक जगह कमजोर वर्ग के बच्चों को एकत्र कर पढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा अगर मेरा ट्रांसफर यहां से हो गया। तब भी मैं इससे जुड़ा रहुंगा।

अभियान विश्वामित्र को बेहतर और सार्थक बनाने के लिए पुस्तकदान, ई गुरू, संवाद जैसे प्रयास से जोडऩे की बात कही गई है। लेकिन, तय बात है, अभियान तभी सफल होगा। जब अच्छे लोग बच्चों के लिए अपना समय निकाल कर उन्हें बेहतर जानकारी देने का प्रयास करेंगे। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में आइएएस पदाधिकारी योगेश कुमार सागर समेत समय निकालकर सभी अधिकारी पहुंचे थे। जिनका स्वागत एमपी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक ने किया।