डुमरांव विधायक ने छठिया पोखरा की सफाई पर जताई नाराजगी

0
247

शहर का दौरा कर त्योहारों पर तैयारियों का लिया जायजा                                                               बक्सर खबर। डुमरांव विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने रविवार को डुमरांव शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर त्योहारों के मद्देनजर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का हालचाल जाना और नगरवासियों की शिकायतों से अवगत हुए। त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक न होने पर विधायक ने नाराजगी जताई। कई स्थानों पर नालियां जाम मिलीं और नल-जल की पाइप लाइन टूटी पाई गई, जिससे पानी की बर्बादी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि महीनों से नगरपरिषद कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

चैती छठ नजदीक होने के बावजूद छठिया पोखरा की सफाई अधूरी रहने पर विधायक ने इसे घोर लापरवाही करार दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। डॉ अजीत कुशवाहा ने आगामी त्योहारों ईद, चैती छठ और रामनवमी के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामनवमी के बाद महावीरी झंडा और शोभायात्रा भी निकाली जाती है। हाल के वर्षों में रामनवमी के अवसर पर कुछ छिटपुट घटनाएं हुई हैं, इसलिए अमन पसंद लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस नेताओं पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाकपा माले के नेता-कार्यकर्ता समाज में शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए तत्पर रहेंगे। डुमरांव विधान सभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि चार प्रमुख त्योहारों के दौरान डुमरांव सहित पूरे जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द्र को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here