लोजपा (रामविलास) ने मनाई बाबा साहब की 134वीं जयंती बक्सर खबर। लोजपा (रामविलास) जिला इकाई द्वारा राजपुर विधानसभा के खरहना और देवढिया में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पासवान ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व मुखिया खोभारी पासवान ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बाबा साहब के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।
मंच से अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहब आधुनिक युग के भगवान हैं, जिनकी पूजा हर घर में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को जीवित रखने में बाबा साहब का योगदान अमूल्य है। उन्होंने यह भी कहा कि स्व. रामविलास पासवान और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान हमेशा संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। बाबा साहब की जयंती समानता, न्याय और बंधुत्व को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर है। समारोह में प्रदेश सचिव संजय कुमार पासवान, अतिपिछड़ा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील बारी, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जंगबहादुर पासवान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।