फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी में दिखी किसानों की प्रतिभा

0
74

आधुनिक तकनीक अपनाकर बढ़ाएं कृषि उत्पादन: डीएम                                                                  बक्सर खबर। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण द्वारा स्थानीय बाजार समिति रोड स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल, उप विकास आयुक्त डॉ महेन्द्र पाल, जिला कृषि पदाधिकारी अविनाश शंकर एवं प्रगतिशील कृषक राजगृही साह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। किसानों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि खेती में आधुनिक तकनीक का समावेश कर उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि आत्मा द्वारा आयोजित यह किसान मेला जिले के कृषकों के लिए जागरूकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों को खेती को रोल मॉडल के रूप में विकसित करने की सलाह दी ताकि अन्य राज्यों के किसान यहां आकर नवीनतम तकनीक से खेती-बाड़ी का ज्ञान अर्जित कर सकें।

किसान मेला में जिले के प्रगतिशील किसानों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिसमें बैगनी गोभी, बारहमासी आम, एप्पल बेर जैसी विशेष उपजें आकर्षण का केंद्र रहीं। इस दौरान कृषि एवं उससे संबंधित विभागों ने भी स्टॉल लगाकर किसानों को तकनीकी जानकारी दी। डीडीसी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विभाग द्वारा पराली प्रबंधन के क्षेत्र में जागरूकता अभियान का परिणाम है कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए इसे भावी पीढ़ी की सुरक्षा के लिए आवश्यक बताया।

दो दिवसीय किसान मेला का उद्घाटन करते डीएम, डीडीसी व अन्य अधिकारी

डीएओ ने जानकारी दी कि जिले में स्ट्रॉबेरी, अंजीर, मिलेट्स और एप्पल बेर की खेती की शुरुआत की गई है। साथ ही, कुछ किसानों द्वारा सेव की खेती भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में टमाटर की खेती को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने की घोषणा की गई है, जो किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। किसानों को खेती से संबंधित तकनीकी ज्ञान प्रदान करने के लिए केवीके के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान डॉ देवकरण एवं प्लांट ब्रीडिंग विशेषज्ञ हरिगोविंद जायसवाल ने विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर भूमि संरक्षण विभाग द्वारा जीविका दीदियों को पांच लाख रुपये की अग्रिम राशि प्रदान की गई, जबकि कृषि यांत्रिकरण विभाग द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी शेखर किशोर, डुमरांव के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी शेखर कुमार, आत्मा के उप परियोजना निदेशक बेबी कुमारी, सहायक निदेशक आशीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here