थकी हुई सरकार को विराम दीजिए, तेज रफ्तार गाड़ी पर सवार होकर नई सरकार को मौका दीजिए: तेजस्वी यादव

0
246

मोदी सरकार पर भी निशाना: बिहार में एक भी फैक्ट्री नहीं लगी                                                              बक्सर खबर। डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के केसठ गांव में आरजेडी के वरिष्ठ नेता पप्पू यादव और गामा यादव की माता स्व. शांति देवी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने स्व. शांति देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “परिवहन विभाग भी 15 साल पुरानी गाड़ी को सड़कों पर चलने की इजाजत नहीं देता, क्योंकि वह पॉल्यूशन देने लगती है। लेकिन बिहार में पिछले 20 सालों से एक ही गाड़ी यानी नीतीश कुमार की सरकार चल रही है, जो अब थक चुकी है। अब बदलाव का समय आ गया है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सिस्टम पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुका है। अब रिटायर्ड अफसरों के भरोसे सरकार चल रही है। जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में तेज रफ्तार वाली नई सरकार को समर्थन देगी। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान की समस्याओं को प्राथमिकता देने का वादा किया। तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर भी हमला करते हुए कहा कि बिहार में पिछले दो दशकों से एनडीए की सरकार है और केंद्र में भी मोदी जी की सरकार है, फिर भी यहां एक भी फैक्ट्री नहीं लगाई गई। लालू यादव के शासनकाल में चार रेलवे फैक्ट्रियां लगी थीं, जिनसे आज भी देश की रेल पटरी पर दौड़ रही है। शुक्रवार को ही तेजस्वी यादव ब्रह्मपुर विधानसभा के चक्की गांव में एक फ्लावर मिल का उद्घाटन और सभा को संबोधित करने पहुंचे। दोनों जगहों पर भारी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। इस मौके पर बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, डुमरांव विधायक डॉ अजीत कुमार सिंह, ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव, राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह सहित दर्जनों नेता उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here