20 अप्रैल को श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम में होगा भव्य यज्ञोपवीत संस्कार समारोह बक्सर खबर। विश्वामित्र सेना द्वारा निःशुल्क जनेऊ संस्कार अर्थात यज्ञोपवीत का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम 20 अप्रैल, रविवार को इटाढ़ी प्रखंड के सिक्टौना गांव स्थित श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम के पवित्र परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य उन परिवारों की मदद करना है, जो किसी कारणवश अपने पुत्रों का यज्ञोपवीत संस्कार नहीं करवा पाए हैं। गुरुकुल के आचार्य पंडित रंगनाथ द्विवेदी ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार यज्ञोपवीत संस्कार के बिना ब्राह्मण कुल में जन्म लेकर भी कोई सत्कर्म पूर्ण नहीं होता। संध्या, गायत्री जप, वेदों का अध्ययन और कर्मकांडों में भागीदारी, सभी यज्ञोपवीत के बिना अधूरी मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज में कई लोग या तो खर्च की वजह से, या प्रमादवश, समय पर जनेऊ संस्कार नहीं कराते, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शास्त्रों में स्पष्ट रूप से वर्णित है कि ब्राह्मण का यज्ञोपवीत संस्कार 8 वर्ष पूर्ण होने से पूर्व, क्षत्रिय का 11 वर्ष और वैश्य का 15 वर्ष की अवस्था से पहले कर देना चाहिए।

यज्ञोपवीत धारण करने से व्यक्ति देवताओं और पितरों के पूजन तथा तर्पण के योग्य बनता है। साथ ही, यह आत्मबल और आध्यात्मिक सुरक्षा का प्रतीक भी है। गुरुकुल परिवार ने सभी प्रबुद्ध जनों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और ज्यादा से ज्यादा विप्र बालकों को इस दिव्य संस्कार के लिए भेजें। यह आयोजन पूर्णतः निःशुल्क है और गुरुकुल की ओर से आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। पंजीकरण हेतु संपर्क करें: श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम, सिक्टौना गांव, इटाढ़ी प्रखंड, बक्सर