समय पर दी गई मदद दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का जीवन बचा सकती है:जिलाधिकारी बक्सर खबर। जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को यमदूत से बचाने के लिए देवदूत बनकर आए चार साहसिक नागरिकों को डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी शुभम आर्य ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में सम्मानित किया। इन निःस्वार्थ मददगारों ने समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। प्रशंसा स्वरूप उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उन्हें दस-दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा। अधिकारियों ने इनके कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अन्य लोगों को भी इसी तरह आगे आने की प्रेरणा दी।
सम्मानित किए गए साहसिक नागरिकों में संजय कुमार सिंह, पिता सिपाही सिंह, ग्राम ब्रह्मपुर, इन्होंने ट्रैक्टर से घायल व्यक्ति को तत्परता दिखाते हुए सही समय पर अस्पताल पहुंचाया। विनोद राम, पिता स्व० मानरुत राम, मुहल्ला दक्षिण टोला, डुमरांव, इन्होंने ट्रक पलटने की घटना में 11 जख्मी व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। चंदन कुमार पाठक, पिता जितेंद्र पाठक, ग्राम एकरासी, बगेन गोला, इन्होंने ज्ञान गंगा स्कूल के पास दो बाइकों की टक्कर में घायल व्यक्ति को तत्परता दिखाते हुए सही समय पर अस्पताल पहुंचाया। लक्ष्मी शंकर यादव, पिता रामचंद्र यादव, ग्राम राजापुर बेनी लाल के डेरा, इन्होंने ट्रैक्टर से घायल लड़की को तत्परता दिखाते हुए सही समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि समय पर दी गई सहायता किसी की जान बचा सकती है। उन्होंने चारों गुड सेमेरिटन को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और दूसरों को भी मदद के लिए आगे आना चाहिए। सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए देवदूत बने इन चारों गुड सेमेरिटन को सम्मानित कर समाज में मानवता और सहयोग की भावना को और मजबूत किया गया।