धार्मिक भावनाओं और स्वच्छता के हित में ऐतिहासिक कदम: राजकुमार चौबे बक्सर खबर। नगर परिषद ने नगर में खुले में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। अब मांस की दुकानें केवल वेंडिंग जोन में ही संचालित होंगी। इस महत्वपूर्ण कदम का विश्वामित्र सेना ने जोरदार स्वागत किया है।
विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने इस निर्णय को धार्मिक भावनाओं और स्वच्छता के हित में ऐतिहासिक पहल करार दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगठन इस मुद्दे को उठा रहा था, क्योंकि नगर में अनियंत्रित मांस व्यवसाय से धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही थी।राजकुमार चौबे ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस निर्णय को रामनवमी पर्व से पहले लागू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान हो सके।

वहीं, संगठन के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक उपाध्याय ने भी इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर में आएंगे, इसलिए खुले में मांस विक्रय पर रोक सुनिश्चित की जाए। नगर परिषद का यह निर्णय धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वच्छता की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगरवासियों और धार्मिक संगठनों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है और प्रशासन से जल्द से जल्द इसे प्रभावी रूप से लागू करने की अपील की है।