बक्सर खबर। नोटबंदी की दूसरी वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को काला दिवस मनाया। शहर के कवलदह पोखरा परिसर में धरना आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष तथागत हर्षवर्धन ने की। अध्यक्ष ने कहा नोटबंदी देश के लिए काला अध्याय था। जिसने एक करोड लोगों का रोजगार छीन लिया। 50 हजार लघु उद्योग बंद हो गए। 200 से अधिक महिलाएं विधवा हो गईं। इससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। भाजपा ने इसके बहाने अपने काले धन को सफेद कर लिया। हर जगह जमीन खरीद ली गई। और करोडों लोगों को मरने के लिए छोड दिया गया। भाजपा भी जानती है इसका परिणाम अच्छा नहीं रहा। अगर ऐसा नहीं है तो पार्टी को नोटबंदी की वर्षगांठ पर तरक्की दिवस मनाना चाहिए।
मुख्य वक्ता सदर विधायक संजय तिवारी ने कहा भाजप झूठ और फरेब की पार्टी है। दूसरे के काम को अपना बताकर वाह-वाही लुटना चाहती है। हमें किसान सम्मेलन आयोजित कर इसका सच जनता को बताना चाहिए। धरने का संचालन उपाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा व समापन पर धन्यवाद ज्ञापन निसार अहमद ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, अनिरूद्द पांडेय, बबन ओझा, रामप्रसन्न द्विवेदी, राजा रमण पांडेय, केके मिश्रा, ब्रजेश पाठक, ललन दुबे, संजय पांडेय समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
