-बच्चे और महिलाएं भी प्रदर्शन में रहे शामिल
बक्सर खबर। युवती की हत्या। फिर शव को जलाना। उसके साथ दुष्कर्म की अफवाह। या सच जो भी हो। लेकिन, इस तरह की घटनाएं समाज में जहर घोल रहीं हैं। लोगों में इसके प्रति आक्रोश है। जिसका असर आज जिला मुख्यालय में देखने को मिला। ईटाढ़ी के कुकुढ़ा गांव में हुए हत्या कांड के बाद हर तरफ गुस्सा दिखा। बुधवार को भी प्रदर्शन हुआ था।
आज गुरुवार को भी विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। माडल थाना के समक्ष घंटो सड़क जाम रही। प्रदर्शन कारियों को समझाने पहुंचे सदर एसडीओ केके उपाध्याय से लोगों ने जमकर बहस की। खुब नारे लगे, सरकार और प्रशासन विफल है। लोगों के पास मौका था। अपना गुस्सा व्यक्त करने का। इस लिए सबने फांसी दो के नारे भी लगाए। प्रदर्शन किला मैदान से शुरू हुआ। दोपहर होते-होते माडल थाना के समक्ष लोग जमा हुए। चार बजे तक विरोध प्रदर्शन का दौर चला।
इसे किसी एक संगठन का नाम नहीं दिया जा सकता। लेकिन जो मुख्य रुप से दिखे उनमें महिला विकास मंच (नाम में त्रूटियां हो सकती हैं), राजद, कांग्रेस के लोग नजर आए। उन से कहीं ज्यादा संख्या में सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे। जैसे संदीप ठाकुर, आशुतोष दुबे आदि ने घंटो नारे लगाए। इस बीच एकलव्य स्कूल के बच्चे भी हाथों में तख्तियां लिए विरोध करते दिखे। ज्योति चौक पर रालोसपा के लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया।
शाम में प्रभाकर अन्य युवकों ने अंबेडकर चौक से लेकर ज्योति चौक तक कैंडल मार्च निकाला। पूरे दिन विरोध प्रदर्शन का दौर चला। कुछ लोगों ने प्रशासन को ज्ञापन दिया। शहर के सभी चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगें। कोचिग संस्थानों के आस-पास पुलिस सादे लिबास में मौजूद रहे। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। रात में सड़कों पर विशेष निगरानी हो। ऐसे मांगे उठीं।