–बर्थडे पार्टी में डीजे बजाने से शुरू हुआ विवाद। बक्सर खबर। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 7 में रविवार देर शाम एक बर्थडे पार्टी के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद सोमवार सुबह हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों गुटों के बीच धारदार हथियार चले और करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार को ब्रह्मपुर स्थित एक घर में जन्मदिन समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और तराबीह का समय होने की बात कहकर डीजे बंद करने की मांग करने लगे। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हालांकि, उस समय विवाद शांत हो गया, लेकिन सोमवार सुबह मामला फिर तूल पकड़ लिया। इस बार मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही डुमरांव के डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था। बावजूद इसके सोमवार सुबह फिर से झड़प हो गई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है।