सीताराम उपाध्याय संग्रहालय समेत कई ऐतिहासिक स्थलों का करेंगे भ्रमण बक्सर खबर। आगामी 17 मार्च को आयोजित होने वाले जिला स्थापना दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों को जिले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का परिभ्रमण कराया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देशानुसार स्कूली बच्चों को सीताराम उपाध्याय संग्रहालय,नया भोजपुर स्थित नवरत्नगढ़ किला, चौसा युद्ध स्थल का भ्रमण कराया जाएगा।
बच्चों को विरासत स्थलों का महत्व समझाने के लिए नवरत्नगढ़ और नया भोजपुर पर जानकारी देने के लिए अभिजीत कुमार मध्य विद्यालय खिरौली, गिरिजेश कुमार मध्य विद्यालय दुरासन, श्वेतांश कुमार मध्य विद्यालय नया भोजपुर। चौसा युद्ध स्थल पर जानकारी देने के लिए आदर्श उच्च विद्यालय चौसा के राजीव कुमार, हेमदास चौधरी और सत्य प्रकाश राय की प्रतिनियुक्ति की गई है। सीताराम उपाध्याय संग्रहालय की ऐतिहासिक कलाकृतियों और विरासत पर विशेष जानकारी संग्रहालय प्रभारी डॉ शिव कुमार मिश्र प्रदान करेंगे। डॉ मिश्र ने बताया कि सामान्यतः सोमवार को संग्रहालय बंद रहता है, लेकिन जिला स्थापना दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के भ्रमण हेतु इसे विशेष रूप से खोला जाएगा।