महाकुंभ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी मैजिक हाइवे पर पलटी, पांच गम्भीर रूप से घायल

0
699

चालक को झपकी आने से हुआ बड़ा हादसा, ग्रामीणों ने बचाया घायलों को                                                बक्सर खबर। सोमवार को अहले सुबह करीब 3 बजे बक्सर-मोहनिया हाइवे पर राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-निकृष के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे 11,000 वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गई और गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार दर्जनभर लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सारण जिले के मांझी, छपरा निवासी ओमप्रकाश साह अपने परिवार और सगे-संबंधियों के साथ प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए गए थे। रविवार शाम वे अपने घर लौट रहे थे और छपरा जाने के लिए जीटी रोड से बक्सर होकर मोहनिया हाईवे की ओर बढ़ रहे थे। तभी रामपुर-निकृष के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन असंतुलित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर चौसा पीएचसी भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल में इलाजरत घायल यात्री

गंभीर रूप से घायलों में मांझी निवासी स्व. प्रद्युम्न साह का 45 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश साह, उनकी पत्नी 42 वर्षीय इंदु देवी, भमिकान्त साह की 55 वर्षीय पत्नी फूलपत्ती देवी, रामचन्द्र सिंह की 52 वर्षीय पत्नी सनोज सिंह व छपरा के बनकेरवा निवासी स्व. सिया शरण की 70 वर्षीय वृद्ध गिरिजा कुंवर को गम्भीर चोट है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे में मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बिजली का खंभा भी टूट गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और वे अब खतरे से बाहर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here