बक्सर खबर(12 jun) : मुर्गा व्यवसायी सुरेन्द्र गुप्ता को न्याय मिले। इस मांग के साथ सर्वदलिय बंद का आहवान रविवार को डुमरांव में सफल रहा। बंद समर्थकों ने रिक्शा पर माइक बांध शहर वासियों से इस मामले में सहयोग की अपील की। डुमरांव राज परिवार ने भी गुप्ता को न्याय दिलाने के लिए इसमें खुलकर समर्थन दिया। पूर्व संध्या में निकाले गए कैंडल मार्च में भी युवराज चन्द्रविजय सिंह व शिवांग विजय सिंह ने हिस्सा लिया था। गुप्ता की पत्नी माला की दर्द भरी व्यथा देखकर पूरे डुमरांव ने भी इस पहल में साथ दिया। अप्रैल में गुप्ता की हत्या हुई थी। उसके बाद से ही पुलिस की जांच चल रही है। किसने हत्या की यह पता नहीं चल पाया है। घटना ने पूरे प्रशासन की कार्रवाई और उनकी काम करने के तरीके पर सवाल खडा कर दिया है। पिछले दिनों राजगढ चौक पर धरना दिया गया था। इसके बाद स्वयं एसपी उपेन्द्र शर्मा पीडित परिवार से मिलने गए थे। डुमरांव डीएसपी और थानेदार को उन्होंने जमकर खरी खोटी सुनायी थी। पर अभी तक मामला लटका हुआ है। महिला को न्याय मिले। इसकी आवाज अब हर ओर उठने लगी है। बक्सर खबर द्वारा इस मुहिम में आवाज उठाने के बाद जिलाधिकारी रमण कुमार ने एक लाख रुपय की आर्थिक सहायता परिवार को दिलाई थी। पर माला गुप्ता के उपर उसके पांच बच्चों का बोझ है। इस विधवा को कोई रोजगार मिलना चाहिए। जिससे परिवार का भरण पोषण हो सके।
