बक्सर खबर : शहर के औद्योगिक इलाके में पेपर ईट का कारोबार करने वाले सुरेन्द्र प्रसाद सिंह लापता हो गए हैं। यह घटना गुरुवार दोपहर की है। वे औद्योगिक थाना से सटे निरंजनपुर में रहते थे। पत्नी के साथ हुई कहासूनी के बाद वे 11:30 बजे घर से निकले। गोलंबर पहुंच अपने चालक को उन्होंने गाड़ी समेत वापस भेज दिया। उसके बाद से ही उनका फोन बंद है। इसकी शिकायत लेकर शुक्रवार को उनकी पत्नी सिद्धी सिंह पुलिस से मिली। डीएसपी शैशव यादव के यहां पहुंच अपने पति के लापता होने की बात कही। खबर मिलते ही नगर कोतलवा राघव दयाल उनसे पूछताछ के लिए पहुंचे। बातचीत के क्रम में पता चला कि सुरेन्द्र प्रसाद मउ उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं। उनका दिल्ली में भी आवास है। पहली पत्नी वहीं रहती हैं। बक्सर में दूसरी पत्नी के साथ रहते थे। गुरुवार को पत्नी के साथ कुछ कहासूनी के बाद वे घर से निकल गए थे। उसके बाद से उनका मोबाइल फोन भी बंद है। ऐसे में घर वाले यह सोच कर परेशान हैं कि आखिर वे गए तो कहां। फिलहाल अपहरण की संभावना नहीं है। लेकिन, बड़े व्यवसायी के लापता होने से पुलिस के हाथ-पांव फूल रहे हैं। इसकी प्राथमिकी नगर थाने में पत्नी के बयान पर दर्ज की गयी है। क्योकि वे नगर थाना के गोलंबर से लापता हुए हैं।
