मॉल, इको पार्क, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, मल्टीलेवल पार्किंग और हाईटेक कमांड सेंटर जैसी परियोजनाओं से बदलेगा शहर का स्वरूप बक्सर खबर। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी बक्सर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अर्बन चैलेंज योजना के तहत नगर परिषद बक्सर द्वारा भेजी गई सभी नौ महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का चयन अर्बन चैलेंज फंड के लिए कर लिया गया है। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 427 करोड़ रुपये है। केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2025-26 में एक लाख करोड़ रुपये के अर्बन चैलेंज फंड की घोषणा की थी, जिसे फरवरी 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली। इसी योजना के तहत नगर परिषद बक्सर ने शहर के समग्र विकास का विजन तैयार कर विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। देशभर के विभिन्न शहरों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में बक्सर की सभी नौ परियोजनाओं का चयन होना नगर परिषद के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। चयनित परियोजनाओं में गंगा नदी में लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, बोटिंग एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास, 58 करोड़ रुपये से मल्टीपर्पज कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, 28 करोड़ रुपये से मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग, 24 करोड़ रुपये से मल्टीमोडल ट्रांसपोर्ट हब, 65 करोड़ रुपये से आधुनिक मल्टीलेवल बस स्टैंड, 40 करोड़ रुपये से होटल सह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, 42 करोड़ रुपये से बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग, 28 करोड़ रुपये से इको पार्क एवं वेंडिंग जोन तथा 120 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना शामिल है।
इन परियोजनाओं के साकार होने के बाद बक्सर में पर्यटन, व्यापार, यातायात, शहरी सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों का विस्तार होगा। साथ ही नगर परिषद की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है। नगर परिषद सभापति कमरून निशा ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड में बक्सर नगर परिषद की सभी नौ परियोजनाओं का चयन होना पूरे शहर के लिए गर्व और खुशी का विषय है। यह हमारे विकास के विजन पर केंद्र सरकार के विश्वास का प्रमाण है। अभी यह योजनाएं चयनित हुई हैं और आगे की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इनके क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा। हमें पूरा विश्वास है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद बक्सर आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होकर प्रदेश के अग्रणी शहरों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। नगर परिषद प्रत्येक चरण में पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद की नौ चयनित परियोजनाओं को अंतिम प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में विकसित किया जाएगा। गंगा नदी में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट एवं बोटिंग सुविधा शुरू होगी। किला मैदान में मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग बनाई जाएगी, जबकि रेलवे स्टेशन के समीप मल्टीमोडल ट्रांसपोर्ट हब विकसित होगा। बाईपास क्षेत्र में आधुनिक मल्टीलेवल बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। सर्किट हाउस के पास होटल सह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और महात्मा गांधी बाजार में बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग विकसित की जाएगी। जेपी बस स्टैंड से मठिया मोहल्ला तक मृत सोन नहर के किनारे इको पार्क और वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर में मल्टीपर्पज कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना भी प्रस्तावित है।































































































